नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, घोघरा में 400 महिलाओं संग निकली जागरूकता रैली

(हिमांशु लाल) : मुंगेली/लोरमी – नशे के विरुद्ध जिला पुलिस का अभियान अब गांव-गांव तक पहुँच रहा है। इसी कड़ी में घोघरा गांव में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप और ग्राम सरपंच जगबाई बसोर के नेतृत्व में जूनापारा पुलिस बल और ग्रामीणों के साथ यह रैली निकाली गई। इस दौरान करीब 400 महिलाओं ने भाग लेकर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में जूनापारा चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर और पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों को आओ संवारे कल अपना और चेतना अभियान की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों, साइबर अपराध से बचाव और पुलिस के महत्त्वपूर्ण डायल नंबर साझा कर सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस का यह अभियान पहले भी ग्राम बांधा, सलैया, जूनापारा, भीमपुरी और जोगीपुर सहित कई स्कूलों में चलाया जा चुका है। ग्रामीण इस पहल की सराहना कर रहे हैं।बिलासपुर पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में चल रहा यह अभियान अब गांव-गांव में नशे के खिलाफ चेतना की लहर फैला रहा है।




