आईपीएल सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुंबई-ओडिशा में रेड, 20 आरोपी गिरफ्तार, 3 पैनल नेटवर्क ध्वस्त

रायपुर – आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में एक साथ दबिश देकर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 3 बड़े पैनल नेटवर्क—3Stumps, बजरंग बुक और रेड्डी बुक को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला द्वारा की जा रही थी।
मामले की शुरुआत 13 अप्रैल को मिली एक सूचना से हुई, जिसमें बताया गया कि रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति कार में बैठकर मोबाइल के जरिए आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद रायपुर, मुंबई, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा में फैले पूरे गिरोह पर कार्रवाई की गई।
मुंबई में रेड के दौरान हर्ष नागदेव समेत 9 आरोपी पकड़े गए, जो “बजरंग बुक” पैनल के जरिए सट्टा चला रहे थे। वहीं ओडिशा के भवानीपटना में खुमान साहू सहित 7 आरोपी “रेड्डी बुक” नेटवर्क संचालित करते मिले। दुर्ग में भी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, नगदी रकम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले एक साल से ऑनलाइन बैटिंग एप के जरिए सट्टा चला रहे थे और लेन-देन के लिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करते थे। बैंक खातों की जांच में करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




