पुलिस आरक्षक हेरोइन बेचते गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। आमानाका थाना में पदस्थ एक आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ चिट्टा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अपने ही विभाग के एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन के रूप में हुई है, जो आमानाका थाना में पदस्थ था।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन क्रमांक CG-04-PW-1372 में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर टिकरापारा और आजाद चौक थाना की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से लगभग 1 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपए बताई जा रही है, बरामद किया गया।आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में एंड टू एंड जांच जारी है और मादक पदार्थ के सोर्स से डेस्टिनेशन तक की कड़ी खंगाली जा रही है, ताकि अन्य संलिप्त आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, चाहे आरोपी विभाग का ही कर्मचारी क्यों न हो।




