लैंबॉर्गिनी, हिट एंड रन केस में शिवम मिश्रा गिरफ्तार

कानपुर लैंबॉर्गिनी कांड में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कानपुर पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में स्पेशल टीम (SOG) ने लैंबॉर्गिनी कार चलाने वाले शिवम को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस आरोपी को कोर्ट में कुछ देर में पेश करेगी। हिट एंड रन केस में शिवम आरोपी है, जो कई दिन से फरार था। थोड़ी देर बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आपको बता दें वीआईपी रोड पर आठ फरवरी की दोपहर शिवम की लेम्बोर्गिनी से हादसा हो गया था। बुलेट और ऑटो में कार की टक्कर से चार लोग घायल हो गए थे। घायल मो. तौफीक ने ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पहली अर्जी शिवम की ओर से थी, जिसमें कार से हादसा न होने और लोगों द्वारा शीशा तोड़ने की बात कहकर रिलीज करने की मांग की थी।
दूसरी अर्जी ड्राइवर मोहन एम की ओर से थी। इसमें कहा वह स्थायी ड्राइवर है और घटना वाले दिन वही कार चला रहा था। केस दर्ज होने की सूरत में वह सरेंडर करना चाहता है। मामले में एसीजेएम कोर्ट ने ग्वालटोली पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। ग्वालटोली पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया कि मोहन का नाम जांच में नहीं आया है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय ने सरेंडर अर्जी खारिज कर दी।




