जशपुर

पुलिस ने 640 नग नशीली कफ सिरफ के साथ तस्कर को पकड़ा, 1.11 लाख की खेप जप्त

जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोतबा चौकी क्षेत्र से नशीली कफ सिरफ की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 640 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरफ बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहित गुप्ता है, जिसकी उम्र 35 वर्ष बताई जा रही है। वह ग्राम सुरंगपानी, चौकी कोतबा, थाना फरसाबहार, जिला जशपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से नशीली कफ सिरफ के अवैध कारोबार में संलिप्त था और उसकी गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी।

Advertisement

टेक्निकल टीम और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी उड़ीसा से प्रतिबंधित कफ सिरफ लेकर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा है। इस पर पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल से आ रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में बंधे दो कार्टून से 320 नग नशीली कफ सिरफ बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छुपाकर रखे गए दो अन्य कार्टून भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 4 कार्टून से 640 नग, कुल 64 हजार मिलीलीटर प्रतिबंधित कफ सिरफ बरामद हुई।

 

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जप्त किया है। आरोपी के खिलाफ चौकी कोतबा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button