झाड़फूंक के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां झाड़फूंक के नाम पर एक 28 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आइए जानते हैं पूरी खबर।
बगीचा थाना क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि पिछले साल वह पेट दर्द की समस्या से परेशान थी। एक परिचित, दिलेश्वर यादव उर्फ दिले ने उसे झाड़फूंक और जड़ी-बूटी से इलाज कराने की बात कही। 25 जुलाई 2024 को दिलेश्वर ने महिला को स्कूटी पर बैठाकर एक झोपड़ीनुमा धाम ले गया, जहां पहले से किशोर पंडा मौजूद था।
महिला को एक गिलास में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया, तो उसके परिवार को मार देंगे। डर के कारण महिला चुप रही, लेकिन दुष्कर्म के कारण वह गर्भवती हो गई और 28 फरवरी 2025 को अंबिकापुर में एक बच्चे को जन्म दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों, किशोर पंडा (35 वर्ष) और दिलेश्वर यादव उर्फ दिले (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ बगीचा थाना में बी.एन.एस. की धारा 70(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है।




