रेलवे स्टेशन के बाहर 18 किलो गांजा बरामद, ओडिशा के 3 तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर करीब 18 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली थाना, साइबर थाना और जीआरपी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध लोग बैग लेकर बैठे हैं और किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान बैग और ट्रॉली से कुल 17 किलो 726 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री के लिए जा रहे थे। ट्रेन से रायगढ़ पहुंचने के बाद वे आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध मादक पदार्थों का नेटवर्क चलाने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।




