छत्तीसगढ़

जौनपुर में पेट्रोल पंप मालिक की गोली मारकर हत्या, थाने जाते समय वारदात, कमर में ही धरी रह गई रिवाल्वर

(शशि कोन्हेर) : जौनपुर में एक बार फिर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के तरती गांव के पास बुधवार की सुबह पेट्रोल पंप मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि पेट्रोल पंप मालिक के कमर में खोंसी रिवाल्वर को निकालने का भी मौका नहीं मिल सका।

हमले  के पीछे लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है। मारे गए सतीश यादव इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रनेता रोहित यादव के पिता थे। इसे लेकर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है।

बताया जाता है कि नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गोसाईपुर (नवापुर) गांव निवासी 50 वर्षीय सतीश यादव को हाल में ही एक पेट्रोल पंप एलॉट हुआ है। उसी का निर्माण कार्य चल रहा है। कल दिन में गांव के ही जगत सिंह से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। सतीश यादव अपनी कार से थाने पर जा रहे थे। उनके पास अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर भी थी।

गांव के पास ही कुछ लोगों ने रोककर उनसे बात करना चाहा और जैसे ही वह रुके कनपटी पर असलहा सटाकर गोली मार दी गई। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नेवढ़िया मय फोर्स पहुंच गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं।

वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं। सतीश के कमर में खोंसी रिवाल्वर पुलिस ने कब्जे में ले ली है। सतीश के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही जगत सिंह से पैसे के लेनदेन को लेकर कल विवाद हुआ था

इसी सिलसिले में थाने से बुलावा आया था। सतीश वहीं जाने के लिए अपनी कर से निकले थे। कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

शिवपाल यादव का योगी सरकार पर हमला

सपा महासचिव शिवपाल यादव ने हत्या को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। शिवपाल ने कहा कि जौनपुर में छात्र नेता रोहित यादव के पिता सतीश यादव की बेखौफ बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी है। UP में जर्जर कानून व्यवस्था से अराजकतत्वों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस का इकबाल सवालों के घेरे में है। यूपी सरकार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे व शोकाकुल परिवार की आर्थिक मदद करे।

समाजवादी पार्टी की तरफ से घटना का वीडियो ट्वीट कर लिखा गया कि योगी सरकार में पिछड़ों की हत्या का सिलसिला जारी, सारी हदें पार कर रहे अत्याचारी! जौनपुर में सतीश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भाजपा राज में कानून व्यवस्था चौपट, आय दिन जातीय द्वेष का शिकार हो रहे दलित, पिछड़े। आरोपियों को गिरफ्तार करे पुलिस, मिले सख्त सजा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button