लोग अब बंदूक नहीं, विकास की राह पर साथ चलना चाहते हैं : मुख्यमंत्री….22 ईनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में माओवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता सामने आई है। जिले में ₹37 लाख 50 हजार के कुल इनाम वाले 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन नक्सलियों पर ₹50 हजार से लेकर ₹8 लाख तक के इनाम घोषित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को “नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025” की सफलता और जनकल्याणकारी योजनाओं की सकारात्मकता का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि “लोग अब बंदूक नहीं, विकास की राह पर साथ चलना चाहते हैं।”
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार के कार्यकाल में अब तक 1476 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जनविश्वास की वापसी और ‘नियद नेल्लानार’ जैसी योजनाओं की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
सरकार का दावा है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का लक्ष्य पूरी तरह तय है और “डबल इंजन की सरकार” इसके लिए प्रतिबद्ध है।आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास व सामाजिक पुनर्स्थापन की दिशा में राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाने जा रही है।




