छत्तीसगढ़

नक्सल प्रभावित सरहदी गांवों में एसपी का रात्रि प्रवास, बैगा समुदाय से संवाद कर शिक्षा और स्वास्थ्य का दिया संदेश

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा से लगे पूर्व नक्सल प्रभावित सरहदी गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के बीच रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने बैगा समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और चौपाल लगाकर सीधे जनसंवाद किया। ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

Advertisement

एसपी धर्मेंद्र सिंह ग्राम लाछा, मराडबरा, उमरझोला सहित कई सरहदी गांवों में पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों से चर्चा की। शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर उन्होंने बच्चों और पालकों को शिक्षा का महत्व बताया तथा बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कोचिंग सेंटर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की।

 

ग्रामीणों को बरसात के मौसम में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए एसपी ने शुद्ध पेयजल के उपयोग और ब्लीचिंग पाउडर के नियमित प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने सांप, बिच्छू या अन्य जहरीले जीवों के काटने पर झाड़-फूंक और अंधविश्वास से दूर रहकर तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की। आश्रम और छात्रावासों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पुलिस समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करने और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button