रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक फेरबदल, तीन वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के मुताबिक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन मध्य के पद पर पदस्थ तारकेश्वर पटेल को पदोन्नत कर पुलिस उपायुक्त, जोन मध्य, कमिश्नरेट रायपुर बनाया गया है। वहीं, विशेष शाखा बिलासपुर में जनरल पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत दीपमाला कश्यप को पुलिस उपायुक्त, जोन उत्तर, कमिश्नरेट रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, प्रशिक्षण, डीसीबी, अजाक एवं सीएडब्ल्यू में पदस्थ अर्चना झा को पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल), कमिश्नरेट रायपुर नियुक्त किया गया है। गृह विभाग के इस आदेश के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारियों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



