‘देवार गिरोह’ का भंडाफोड़ : 18 चोरियों का खुलासा, 6 गिरफ्तार, 30 लाख से ज्यादा की मशरूका जब्त.

रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की 18 वारदातों को अंजाम देने वाले “देवार गिरोह” का भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 5 सक्रिय चोर और एक खरीदार सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरोह ने मुजगहन, अभनपुर, विधानसभा, पंडरी, खम्हारडीह और डी.डी.नगर जैसे थाना क्षेत्रों के सुने मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नगदी चोरी की थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 260.585 ग्राम (करीब 26.5 तोला) सोना, 1.6 किलोग्राम चांदी, चोरी में प्रयुक्त 5 मोबाइल, 5 दोपहिया वाहन समेत कुल 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
गिरोह का मास्टरमाइंड भूपेंद्र साहू और करण ध्रुव (देवार) है, जबकि चोरी के गहनों को सोनझरा कार्य करने वाले उनके परिचित सुरेश सोनझरा के पास बेचा जाता था। उसे भी गिरफ्तार कर 317 BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सागर नगरहा, शुभांकर पटेल, रवि नेताम शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं, जबकि कुछ अन्य की तलाश जारी है। सभी पर संगठित अपराध की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।




