जांजगीर-चांपा पुलिस को मिले 10 नए डायल-112 वाहन, कलेक्टर और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के अंतर्गत जिले को 10 नए नेक्स्ट जनरेशन ERSS डायल-112 वाहन और 1 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और GVK चालकों की मौजूदगी में नए वाहनों का शुभारंभ किया गया। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि इन आधुनिक वाहनों के शामिल होने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी।
पुलिस विभाग के अनुसार नए डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी होगी। इससे आम नागरिकों को आपात स्थिति में शीघ्र सहायता मिल सकेगी, वहीं हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




