ट्रेलर लूटकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

रायगढ़। तमनार पुलिस ने ट्रेलर लूटपाट की सनसनीखेज घटना का महज़ 24 घंटे में खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से चार ट्रेलर वाहन, एक कार और चार मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है।
मामला तमनार के हुकराडीपा क्षेत्र का है, जहां 18 अगस्त की रात बदमाशों ने ट्रेलर चालक और अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर ट्रेलर और मोबाइल लूट लिए थे। जांच में सामने आया कि वारदात का मुख्य षड्यंत्रकारी पूर्व वाहन स्वामी अमन गोस्वामी ही था।
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देश पर बनाई गई टीम ने जिले में नाकेबंदी की और ओडिशा के हमीरपुर में दबिश देकर खेत में छिपाए गए ट्रेलर बरामद किए। पुलिस की कार्रवाई में अमन गोस्वामी समेत सात आरोपी पकड़े गए, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं।
आरोपियों के पास से चार ट्रेलर, एक स्विफ्ट डिजायर कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी स्विफ्ट कार और कैम्पर से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। मामले में आरोपियों पर धारा 309(4), 309(6) और 310(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।




