पुलिस की बड़ी कार्रवाई: IPL फाइनल पर ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, लाखों रुपये जब्त

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया में संचालित एक सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। आईपीएल फाइनल मुकाबले GT और RCB के मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की सूचना पर साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने गंज बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सट्टे से जुड़े तकनीकी साक्ष्य बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क संचालित करने की जानकारी दी। पुलिस टीम जब साहिल अग्रवाल के ठिकाने पर पहुंची तो वह मौके से फरार हो गया, लेकिन वहां से दो बैग और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई। बैगों की तलाशी में 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले, जिन्हें सट्टे की रकम मानते हुए जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




