सड़क पर कहासुनी के बाद गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में सड़क पर मामूली कहासुनी के बाद गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट करने वाले युवक को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक 11 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे राजा अग्रवाल नामक डिलीवरी बॉय ऑटो से प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस में होम डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने को लेकर उसकी मामूली बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद मोटरसाइकिल सवार युवक ने उसका पीछा किया और बोईरदादर रोड स्थित प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस पहुंचकर अंदर घुस गया। वहां उसने डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गैस ऑफिस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रिहान खान को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस मामले में सख्त संदेश देते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।




