जशपुर

ऑपरेशन आघात: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने क्रेटा कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा भारी मात्रा में गांजा जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी की तड़के पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध मादक पदार्थ गांजा छुपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नारायणपुर पुलिस ने रानीकोंबो मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

Advertisement

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर कार की सीट के नीचे और डिक्की में छुपाकर रखे गए 180 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम निकला। मौके से दो तस्करों को हिरासत में लिया गया, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शान मोहम्मद उर्फ सानू, उम्र 22 वर्ष, निवासी लखनऊ और सुहैल अहमद, उम्र 19 वर्ष, निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा मलकानगिरी, ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणपुर में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े तीसरे तस्कर की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button