धान खरीदी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, जिला खाद्य अधिकारी निलंबित

(मनीष नामदेव) : मुंगेली – राज्य शासन ने धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने पर मुंगेली जिले के जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को निलंबित कर दिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन 21 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा, जबकि निलंबन अवधि में अधिकारी का मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है।
जांच में धान खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था, मिलरों द्वारा उठाव की समुचित निगरानी नहीं होने और नियमित निरीक्षण में भारी चूक सामने आई है। धान परिवहन और उठाव प्रक्रिया में पाई गई अनियमितताओं को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना गया है।
इस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग में हड़कंप मच गया है। शासन ने साफ संकेत दिए हैं कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में निगरानी और अधिक सख्त की जाएगी।




