यात्रियों से भरी बस पलटी, 10 यात्री घायल…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – एटीआर जंगल के केंवची मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक बस अचानक पलट गई। बिलासपुर से डिंडौरी जा रही कैपिटल बस की यह दुर्घटना संकरे मोड़ पर ड्राइवर के नियंत्रण खोने के चलते हुई। घटना में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं।
यह हादसा 12 जुलाई की रात हुआ… जब अमरकंटक की कैपिटल ट्रैवल्स की यात्री बस बिलासपुर से डिंडौरी जा रही थी। रात करीब 9 बजे एटीआर (अचानकमार टाइगर रिजर्व) के केंवची मार्ग पर बेंदरा मोड़ के पास यह बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे की जगह बेहद संकरी, जंगल से घिरी और घुप अंधेरे में थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे, जिनमें 8 से 10 लोग घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अजित पुजारी के नेतृत्व में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को निकालने के लिए बस का सामने का शीशा तोड़ा गया और 5 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।घने जंगल, सीमित रोशनी और कठिन परिस्थिति के बावजूद प्रशासन की टीम ने तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया।स्थानीय लोगों और कुछ यात्रियों का कहना है कि बस ड्राइवर को इस कठिन और खतरनाक रूट की जानकारी नहीं थी।
ऐसे अनुभवहीन चालक को भेजना कंपनी की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। हादसे के बाद खुद यात्रियों ने एक-दूसरे की मदद कर बाहर निकलने की कोशिश की।प्रशासन ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और कैपिटल बस ऑपरेटर पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। सवाल उठता है – क्या ऐसे दुर्गम रूट पर बिना प्रशिक्षित ड्राइवर भेजना जानलेवा लापरवाही नहीं है? लोकस्वर इस मामले पर नजर बनाए हुए है…




