ऑपरेशन निश्चय: पुलिस ने आधा किलो से ज्यादा अफीम के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार.

रायपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना देवेंद्र नगर क्षेत्र में सिटी सेंटर मॉल के पास शनि मंदिर किनारे पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 616.15 ग्राम अफीम, एक दोपहिया वाहन और एक एप्पल आईफोन बरामद किया गया है। जप्त सामान की कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम अभिषेक कुमार बंछोर (35 वर्ष) बताया गया है, जो मूलतः दुर्ग जिले के ग्राम सेलूद का निवासी है और फिलहाल रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया इलाके में रह रहा था।
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा देवेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 186/25, धारा 18(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र असैया, प्रभारी परेश कुमार पाण्डेय समेत पुलिस टीम के कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




