एसपी के निर्देश पर पुलिस ने 5 आदतन बदमाशों को गुंडा सूची में किया शामिल….

जांजगीर-चांपा – नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के कुशल नेतृत्व में जांजगीर-चांपा जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 5 आदतन बदमाशों को गुंडा सूची में शामिल किया गया है।
इन बदमाशों पर लूटपाट, बलवा, मारपीट, गाली-गलौच, धमकी और सामाजिक अशांति फैलाने जैसे गंभीर अपराधों की शिकायतें दर्ज हैं। ये असामाजिक तत्व गुटबाजी कर आम नागरिकों में डर का माहौल बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन बदमाशों की गतिविधियों पर थाना और चौकी पुलिस की सतत निगरानी रखी जा रही थी। लेकिन अपराध की प्रवृत्ति में कोई सुधार नहीं दिखने के कारण, आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु इनके नाम गुंडा बदमाश सूची में शामिल कर लिए गए हैं।
गुंडा सूची में शामिल किए गए बदमाशों में से थाना जांजगीर क्षेत्र से 3, थाना सारागांव से 1 और थाना चांपा से 1 बदमाश शामिल हैं, जो कुल 5 की संख्या में हैं।
इस कार्रवाई में थाना जांजगीर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना सारागांव प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी और थाना चांपा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता का अहम और सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




