KYC के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगों के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बैंक अधिकारी बनकर KYC अपडेट कराने के नाम पर ओटीपी लेकर 26 लाख 74 हजार रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को उड़ीसा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
आरोपियों में कृष्णा लूहा, गुलेख कुम्हार और पंकज खैतान शामिल हैं। इन्होंने फर्जी सिम और बैंक खातों का उपयोग कर सकरी थाना क्षेत्र निवासी जॉनसन एक्का से बैंकिंग जानकारी और ओटीपी हासिल कर उसके खाते से लोन लेकर ठगी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केस डायरी को साइबर थाना रेंज को सौंपा गया था। बैंक और साइबर पोर्टल से मिली तकनीकी जानकारियों के आधार पर टीम ने उड़ीसा जाकर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ठगी की रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर उसका इस्तेमाल करते थे। तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, अनुज गुप्ता, सीएसपी निमितेश सिंह और रेंज साइबर प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस की अपील है कि नागरिक सतर्क रहें और किसी अनजान कॉल, लिंक या एप्लिकेशन से बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध की शिकायत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर की जा सकती है।




