न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज ने किया नि:शुल्क स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन, 300 छात्रों और शिक्षकों की हुई जांच

बिलासपुर के होली क्रॉस हायर सेकेंडरी स्कूल में 13 अक्टूबर 2025 को न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज की ओर से एक मौखिक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर (स्क्रीनिंग कैंप) का आयोजन किया गया।
यह कैंप कॉलेज के अध्यक्ष प्रकाश दावड़ा, सचिव अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और दंत समस्याओं की समय रहते पहचान करना था।
कैंप में पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की फैकल्टी डॉ. स्वाति अग्रवाल ने मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को सही ब्रशिंग तकनीक, संतुलित आहार के लाभ और दांतों की नियमित जांच के महत्व के बारे में बताया।
कैंप के दौरान विशेषज्ञ टीम द्वारा 300 से अधिक छात्रों और शिक्षण कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग कार्य में डॉ. दीपनिता, डॉ. भारती, डॉ. विभूति, डॉ. एकता, डॉ. भास्कर और डॉ. अंकिता ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को छात्रों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सराहा। कॉलेज प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही, ताकि समाज में बेहतर मौखिक स्वास्थ्य के प्रति समझ विकसित की जा सके।




