फिल्मी तर्ज पर सागौन तस्करी नाकाम….

साउथ इंडियन फिल्म पुष्पा की तर्ज पर इमारती लकड़ी सागौन की तस्करी करने वाले तस्कर इस बार अभ्यारण्य प्रशासन की नजरों से बच नहीं पाए। गरियाबंद जिले के उदंती सीता नदी क्षेत्र में तस्कर, नदी की तेज धार का फायदा उठाकर सागौन की लकड़ियों की अवैध कटाई कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें नाकाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तस्कर उदंती सीता नदी के तेज बहाव का फायदा उठाकर दक्षिण उदंती और ओड़िशा के नुआपाड़ा जिले के गांवों में अवैध सागौन की तस्करी कर रहे थे। जैसे ही इस मामले की जानकारी अभ्यारण्य प्रशासन को मिली, अधिकारियों ने तुरंत रणनीति तैयार की और मौके पर टीम भेजी।
तस्करों को सूचना मिलते ही उन्होंने सागौन की लकड़ियों को नदी में छोड़कर फरार होने की कोशिश की। लेकिन अभ्यारण्य प्रशासन के कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए नदी से लकड़ियों को जप्त कर लिया।
उदंती सीता नदी अभ्यारण्य के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया : “हमने तस्करों की पहचान कर ली है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभ्यारण्य के संरक्षण के लिए हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि जंगल और नदी क्षेत्रों में अवैध लकड़ी तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की सतर्कता से तस्करों को कोई मौका नहीं मिलेगा।




