थाना परिसर में रील बनाना पड़ा भारी, 2 युवक गिरफ्तार

दुर्ग जिले के उतई थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवकों ने थाना परिसर के अंदर वीडियो शूट कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमा प्रभावित हुई।
मामले में दुर्ग पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे दोनों युवकों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामला दर्ज है, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। साथ ही दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी शासकीय या थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




