ISI लिंक का बड़ा खुलासा, पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सेवक सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारण जिले का रहने वाला है और अकलतरा में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार मोबाइल जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं। आरोपी पर संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों और लोकेशन संबंधी जानकारी विदेशी हैंडलरों को भेजने का आरोप है।
पुलिस को मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को हथियार उपलब्ध कराए जाने के बाद टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल किए जाने की योजना थी। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क और उसके संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं।




