छत्तीसगढ़

मानसून की दस्तक से पहले तप रहा बिलासपुर, 41.8 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म शहर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – बारिश की गतिविधियां शुरू होने के बावजूद बिलासपुर में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। तेज धूप और बढ़ी हुई उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है और 23 जून के आसपास यह छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है, लेकिन इसका असर बिलासपुर की गर्मी पर नहीं दिखा। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रह सकता है। ऐसे में बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को अभी कुछ दिन और गर्मी तथा उमस का सामना करना पड़ सकता है।

राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल हो रही हैं। पंजाब से बिहार तक बनी द्रोणिका और उत्तरी छत्तीसगढ़ से तेलंगाना तक सक्रिय दूसरे सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगेगी।

Related Articles

Back to top button