ऑपरेशन प्रहार में पुलिस की बड़ी कार्यवाई, 27 टन अवैध कबाड़ जब्त….

रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस की चक्रधरनगर थाना पुलिस ने जामगांव क्षेत्र में दो 6 चक्का माजदा वाहनों से करीब 27 टन लोहे और टिना का स्क्रैप जब्त किया है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि दोनों वाहनों सहित कुल जब्ती लगभग 16 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से भारी मात्रा में कबाड़ जामगांव ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक सीजी 04 पीसी 9120 और सीजी 10 बीक्यू 0292 को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अरमान अहमद और रमजान खान, निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
जांच के दौरान एक वाहन से 12 हजार 780 किलोग्राम और दूसरे वाहन से 14 हजार 560 किलोग्राम लोहे-टिना का स्क्रैप बरामद हुआ। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि कबाड़ चोरी, अवैध खरीद-फरोख्त और बिना दस्तावेज परिवहन जैसे संगठित अपराधों पर रायगढ़ पुलिस लगातार नजर रखे हुए है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




