ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड बाबू खेमानी समेत 7 गिरफ्तार, मुंबई-गोवा में रेड

रायपुर से बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुंबई और गोवा में एक साथ दबिश देकर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया है।
पुलिस के मुताबिक बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले करीब ढाई साल से 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप और अन्य ऑनलाइन सट्टा पैनल का संचालन कर रहा था। वह सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की आड़ में हाई प्रोफाइल लोगों को सट्टे से जोड़ता था और नेटवर्क को लगातार विस्तार दे रहा था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सट्टा हिसाब-किताब के दस्तावेज और एक बीएमडब्ल्यू कार समेत करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का भी खुलासा हुआ है, जिसमें म्यूल खातों के जरिए लेन-देन किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस म्यूल अकाउंट्स, खाता धारकों और संभावित विदेश कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है। इस पूरे मामले में अब तक 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



