ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई : 4 ट्रकों से 82 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चार ट्रकों से 82 लाख रुपये से अधिक का कबाड़ जब्त किया है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक थाना छाल पुलिस ने बेरियर पर नाकेबंदी कर कोरबा की ओर से आ रहे चार संदिग्ध ट्रकों को रोका। जांच के दौरान सभी ट्रकों में भारी मात्रा में लोहे का पाइप, एंगल और स्क्रैप मिला, लेकिन किसी भी चालक के पास वैध दस्तावेज नहीं थे।
पुलिस ने कुल 81 टन से अधिक कबाड़, जिसकी कीमत करीब 34 लाख रुपये है, और करीब 48 लाख रुपये कीमत के चार ट्रकों को जब्त किया। इस तरह कुल 82 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही कबाड़ का लेन-देन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।




