मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली शराब बनाने वाले 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 35 हजार लीटर स्पिरिट जब्त….

(मनीष नामदेव) : मुंगेली पुलिस को “ऑपरेशन बाज” के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना फास्टरपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक ट्रक टैंकर, आल्टो कार और 35 हजार बल्क लीटर स्पिरिट सहित करीब 46 लाख 68 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार ये तस्कर भोपाल से बिलासपुर स्पिरिट ला रहे थे और फर्जी स्टिकर, होलोग्राम व ढक्कन लगाकर नकली शराब तैयार करने की योजना बना रहे थे।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट, ट्रेडमार्क एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के कुछ सदस्यों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




