गणपति प्रतिमाओं के विकृत स्वरूप पर बवाल… सर्व हिन्दू समाज ने SSP को सौंपा ज्ञापन….

राजधानी रायपुर में गणपति भगवान की प्रतिमाओं को कार्टून और क्यूट स्वरूप में प्रस्तुत करने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। इसको लेकर सर्व हिन्दू समाज के लोगों ने आज बड़ी संख्या में SSP रायपुर को ज्ञापन सौंपा।
सर्व हिन्दू समाज ने कहा कि गणपति जी पूरे भारत वर्ष में प्रथम पूज्य देवता के रूप में स्थापित किए जाते हैं और रायपुर शहर में भी बड़े पंडाल बनाकर उनकी पूजा-अर्चना की जा रही है। लेकिन कुछ पंडालों में गणपति जी के मूल स्वरूप को विकृत कर कार्टून व क्यूट रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ है।संगठन ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की प्रतिमाओं का त्वरित विसर्जन किया जाए और संबंधित समितियों के खिलाफ दाण्डिक कार्यवाही की जाए। अन्यथा, हिन्दू समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सर्व हिन्दू समाज ने स्पष्ट कहा कि गणपति जी के साथ हास्य और क्यूटनेस का नाम देकर की जा रही यह हरकत हिन्दू धर्म के प्रति अपमानजनक है और भविष्य के लिए भयावह स्थिति उत्पन्न कर सकती है।




