नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 75 लाख का गांजा जब्त, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए 150 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में गांजा तस्करी करते हुए 3 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह संयुक्त कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस द्वारा की गई। तस्कर दो क्रेटा कार के जरिए गांजे की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त दो क्रेटा कार, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये, साथ ही तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन कीमत करीब 15 हजार रुपये जब्त किए हैं।
इस तरह इस पूरी कार्रवाई में कुल 95 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि विगत एक माह के भीतर जिले में कुल 860 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये है, पहले ही जब्त की जा चुकी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



