सामूहिक हत्याकांड से दहला जांजगीर, एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवतरा गांव का है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग निर्माणाधीन मकान के अंदर खाट पर सो रहे थे। देर रात अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर चारों की हत्या कर दी। गुरुवार सुबह जब निर्माण कार्य के लिए एक मिस्त्री मौके पर पहुंचा तो उसने चारों को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीतांबर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है।
एएसपी उमेश कश्यप के मुताबिक, चारों की हत्या सोते समय धारदार हथियार से की गई है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक पड़ोसी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।जांजगीर-चांपा में हुए इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।




