पिता की हैवानियत, डेढ़ साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(हेमन्त पटेल) : जांजगीर-चांपा जिले के हिर्री गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पिता ने पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले के अनुसार, आरोपी शिवाजी निषाद का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह अपने बेटे अनुराग को उठाकर घर के पास खंडहरनुमा मकान की ओर ले गया। बच्चे की दादी सीता बाई निषाद को जब शक हुआ तो वह उसके पीछे गईं, जहां उन्होंने देखा कि शिवाजी अपने ही बेटे के सिर पर ईंट से हमला कर रहा है। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने अपनी मां पर भी हमला कर दिया। किसी तरह दादी ने घायल बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया।
घायल मासूम को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना स्थल से खून से सना ईंट का टुकड़ा भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




