महुआ बीनने गए थे जंगल, भालू ने कर दिया हमला, दो लोग गंभीर रूप से घायल….

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के चेचानडीह गांव में भालू के हमले से हड़कंप मच गया। महुआ बीनने गए दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय दो पुरुष और एक महिला महुआ बीनने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले को देखकर महिला किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही, लेकिन गेंदलाल गोंड़ और उनके साथी भालू के हमले का शिकार हो गए। भालू ने दोनों पर जानलेवा हमला करते हुए शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला।
घायल अवस्था में दोनों किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचे, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत लोरमी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मुंगेली रेफर कर दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। महुआ सीजन के चलते भालुओं की गांव की ओर आवाजाही बढ़ गई है, ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग से सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।




