जांजगीर-चाम्पा

मृत महिला के नाम पर 1 लाख की ठगी, पति गिरफ्तार….सचिव समेत अन्य आरोपी फरार

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र से बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक एवं दिव्यांग सहायता योजना में फर्जी दस्तावेज लगाकर एक लाख रुपये की राशि निकाल ली गई। इस मामले में पुलिस ने मृत महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ग्राम सचिव सहित अन्य आरोपी फरार हैं।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रमिकों और दिव्यांगजनों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इन योजनाओं में अब फर्जीवाड़े के मामले भी सामने आने लगे हैं। ताजा मामला बिर्रा थाना क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2024 में सुमन पटेल की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद बिचौलियों और शासकीय कर्मचारियों की मिलीभगत से मृत महिला का श्रमिक पंजीयन कराया गया और 2025 का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत करा ली गई.

Advertisement

इस पूरी साजिश में मृतका के पति अशोक पटेल का नाम सामने आया है, जिसे बिर्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। वहीं, इस फर्जीवाड़े में शामिल ग्राम सचिव रोहित पटेल और अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।मामले की शिकायत श्रम विभाग को मिलने के बाद श्रम पदाधिकारी ने मृतका के पति और ग्राम सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Advertisement

 

बताया जा रहा है कि इस घोटाले की शिकायत भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने जिला प्रशासन से की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने पिछले 6 वर्षों में श्रमिक एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत स्वीकृत प्रकरणों की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस मामले में एक श्रम निरीक्षक को निलंबित भी कर दिया गया है और अन्य दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button