बिलासपुर

“अपशिष्ट मुक्त भारत” की दिशा में बिलासपुर स्टेशन पर लगी 3 नई बॉटल क्रशर मशीनें, उपयोग करने पर मिलेगा इनाम

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – अपशिष्ट मुक्त भारत अभियान के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और सराहनीय पहल की गई है। यात्रियों द्वारा प्लास्टिक बोतलों के अनुशासित निपटान को प्रोत्साहित करने के लिए अब स्टेशन में कुल 6 आधुनिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाई जा रही हैं।

Advertisement

अब तक स्टेशन परिसर में 3 मशीनें कार्यरत थीं, और अब 3 नई मशीनें और जोड़ी जा रही हैं। खास बात यह है कि इन मशीनों का उपयोग करने वाले यात्रियों को कोका कोला कंपनी की ओर से आकर्षक इनाम भी दिए जाएंगे, जिससे लोगों को रीसायक्लिंग के लिए और प्रेरणा मिलेगी।

Advertisement

इनमें से एक नई मशीन का विधिवत शुभारंभ 14 मई को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय की उपस्थिति में एक यात्री के हाथों किया गया। इस मौके पर वरिष्ट मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन सहित रेलवे स्टाफ और कई यात्री मौजूद रहे।

बाकी दो मशीनें स्टेशन के गेट नंबर 01 और गेट नंबर 04 के पास जल्द ही यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। इन बॉटल क्रशर मशीनों से न सिर्फ स्टेशन पर स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि प्लास्टिक बोतलों के पुनः उपयोग की प्रक्रिया भी और प्रभावी होगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि – “यह पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि यात्रियों को प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान के लिए प्रोत्साहित भी करेगी। हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।”

तो अगली बार जब आप बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर हों, प्लास्टिक बोतल फेंकने की बजाय उसे इन बॉटल क्रशर मशीनों में डालें – पर्यावरण भी बचेगा और इनाम भी मिलेगा।

Related Articles

Back to top button