पचपेड़ी में भालू की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के पचपेड़ी परिक्षेत्र में पहली बार जंगली भालू दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह पचपेड़ी और ध्रुवाकारी के बीच नहर किनारे भालू देखे जाने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भालू की तलाश शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे कुछ ग्रामीण नहर किनारे टहल रहे थे, तभी उनकी नजर अचानक एक जंगली भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे।
ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए भालू को गांव की ओर आने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद भालू केवंतरा और सुकुलकारी होते हुए भरारी जंगल की दिशा में चला गया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। डिप्टी रेंजर बघेल ने बताया कि इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
भालू का लोकेशन मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा और उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। खेतों में काम करने वाले किसानों और सुबह-शाम बाहर निकलने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में भालू को उकसाने या उसके पास जाने की कोशिश न करें और तुरंत वन अमले को सूचना दें।




