रायपुर में DGP-IGP कॉन्फ्रेंस से पहले हाईलेवल सुरक्षा मीटिंग….

राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन 2025 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वीवीआईपी और व्हीआईपी आगमन को देखते हुए आज एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
25 नवंबर 2025 को सी-4 सिविल लाइन्स रायपुर में यह बैठक वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) श्री अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्री दिपांशु काबरा ने की।
बैठक में सम्मेलन के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारी, और समन्वय तंत्र को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने दायित्वों में लगे सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे आयोजन के दौरान सतर्कता, कुशल समन्वय और बेहतर व्यवहार बनाए रखें।
अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से सुझाव भी मांगे गए और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी सुझावों का पालन सख्ती से किया जाए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सम्मेलन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाना रहा।
रायपुर में होने वाला यह सम्मेलन देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित होगा, ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।




