हाईवा-ट्रक की टक्कर, भीषण सड़क हादसे में 3 की मौत

रायपुर जिले के गोबरा-नवापारा इलाके में मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया… पिपरौद-बजरंगपुर नेशनल हाईवे 130C पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास रेत से भरी हाईवा और एक खाली ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई… टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस भीषण हादसे में मौके पर ही 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई… मृतकों में 2 पारागांव और 1 कुरूद के निवासी बताए जा रहे हैं… प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेत से भरी हाईवा चालक की लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है… हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए… इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया… पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है… गौरतलब है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है… लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सख्त निगरानी बेहद जरूरी हो गई है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।




