चार बच्चे हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार…! एक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले के धुरकोट गांव में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। एक ही परिवार के चार बच्चे बीमार पड़ गए, जिनमें से 12 साल के अखिलेश धीवर की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक बच्चों ने रविवार शाम तरबूज खाया था और रात में चिकन खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि बच्चे छुट्टियां मनाने अपने मामा घर आए हुए थे। देर रात अखिलेश को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। सुबह हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं भूपेंद्र धीवर, हिमेश धीवर और श्री धीवर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। डॉक्टरों ने लोगों से फल और खाने-पीने की चीजों को अच्छी तरह साफ करके ताजा उपयोग करने की सलाह दी है।




