Uncategorized

डॉ. रमन सिंह बोले…छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आ रही है…. हम 1 घंटे में यह तय कर लेंगे मुख्यमंत्री कौन होगा…?

(शशि कोन्हेर) : बिलासपुर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने आज यहां कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। और हम 1 घंटे में यह निर्णय ले लेंगे कि मुख्यमंत्री कौन होंगे्..? वे बिलासपुर के ग्रैंड अंबा होटल में पत्रकारों से बात कर रहे थे। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो यह कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के पास कोई चेहरा नहीं है। इसके जवाब में डॉ रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा.. पहले तो हम यह बता रहे हैं कि उनकी सरकार आ ही नहीं रही है। इसलिए वह चिंता ना करें।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बन रही है और हम 1 घंटे में तय कर लेंगे कि हमारा मुख्यमंत्री कौन होगा..? इस पर जब पत्रकारों ने फिर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जिक्र करते हुए कहा कि वह कह रहे हैं…डॉक्टर रमन के चेहरे में दम नहीं है… इसके जवाब में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि भूपेश बघेल यह तय करने वाले कौन होते हैं..? छत्तीसगढ़ की जनता इसे तय करेगी कि किसके चेहरे में दम है और किसके चेहरे में नहीं ‌।

खुद पर लगाए जा रहे अनुपात से अधिक संपत्ति के आरोप को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि इस बात का परीक्षण आईटी अर्थात इनकम टैक्स डिपार्टमेंट करता है। और इस डिपार्टमेंट ने 2003-2008 और 2013 में उन्हें क्लीन चिट दे दी है। फिर यह मामला न्याय के मंदिर में भी लंबित है। ऐसा लगता है कि कांग्रेसियों को न्याय पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेसियों को लगता है कि डॉक्टर रमन को कैसे परेशान किया जाए..? इसके पहले केंद्र सरकार के बजट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह अमृत काल का पहला बजट है और सप्तर्षी की तरह इसकी भी सात प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बजट का आकलन पूंजीगत व्यय से किया जाता है। केंद्र सरकार के बजट में पूंजीगत व्यय में 33.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अर्थात 10 लाख करोड़ रुपए अधोसंरचना के क्षेत्र में खर्च किए जाएंगे। इस बजट की विशेषताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 7 लाख रुपए तक की आय को टैक्स फ्री किया गया है। गरीबों के आवास के सपने को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में 66% की ग्रोथ की गई है। डॉ रमन सिंह ने कहा….लेकिन अफसोस कि इसका लाभ छत्तीसगढ़ को नहीं मिलने वाला है। यहां की सरकार ने 1 साल में प्रस्तावित 16 लाख आवास नहीं बना कर दिए।। रमन सिंह ने कहा कि इस बजट की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6% बताई रखा गया है। इतना बड़ा जीडीपी ग्रोथ पूरी दुनिया में न तो चीन का है, ना अमेरिका का है और न इंग्लैंड का है। रेलवे को लेकर बजट में बिलासपुर जोन की चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि अभी स्पेसिफिक रेलवे के बजट पर एक-दो दिन में सारी बातें सामने आ जाएंगी।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बिलासपुर के सर्किट हाउस में सभी समाजों के प्रमुख पदाधिकारियों से भेंट और चर्चा की तथा प्रदेश सरकार को लेकर उनकी अपेक्षाओं समस्याओं और मांगों के बारे में जानकारी ली। होटल ग्रैंड अंबा में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा बिल्हा क्षेत्र के विधायक श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल, सांसद श्री गुहाराम अजगले, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रामदेव कुमावत समेत अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button