रायगढ़

डबल मर्डर: मां और 10 माह की मासूम की बेरहमी से हत्या, खेत के बोर घर में खून से लथपथ मिला शव

रायगढ़ जिले में एक बार फिर दोहरे हत्याकांड ने सनसनी फैला दी है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में एक 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव खेत में बने बोर घर में खून से लथपथ मिले। शुरुआती जांच में सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव की है। मृतका की पहचान बरत कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पति की करीब चार-पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपनी 10 महीने की बेटी के साथ गांव के एक खेत में बने बोर घर में रह रही थी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों को खून से लथपथ हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी.

Advertisement

परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला गंभीर रूप से घायल मिली, जबकि उसकी 10 महीने की बेटी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे। परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

 

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पांच दिन पहले ही धरमजयगढ़ क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शवों को जलाने का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button