छत्तीसगढ़

अगले 48 घंटे भारी, मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 24 प्रतिशत कम है, लेकिन अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में मनेन्द्रगढ़ में सबसे ज्यादा 8 सेंटीमीटर, बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, जबकि मुंगेली, गरियाबंद, बैकुंठपुर, लोरमी और रामानुजगंज समेत कई इलाकों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। यही वजह है कि अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button