छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल और झारखंड के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश में लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है।

Advertisement

पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। कुसमी में सबसे ज्यादा 28 सेंटीमीटर, पसान में 16, बिलासपुर और अकलतरा में 14-14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। पामगढ़, पेंड्रा, मस्तूरी, बेलगहना, रतनपुर, सकरी, बेलतरा और जांजगीर समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र, मॉनसून द्रोणिका और कई ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण प्रदेश में नमी ला रहे हैं। यही वजह है कि अगले 48 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

 

हालांकि, अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 25 प्रतिशत कम दर्ज की गई है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से इस कमी में तेजी से सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button