बाघ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट….

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी क्षेत्र के नवागढ़ जंगल में बाघ की दस्तक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। मोहला से करीब 15 किलोमीटर दूर भोजटोला की ओर बढ़ता यह बाघ फिलहाल जंगल के बॉर्डर इलाके में सक्रिय है।
वन विभाग की टीम ने सीमावर्ती गांवों के लोगों को अलर्ट कर दिया है। खास बात यह है कि यह बाघ पहली बार ट्रैप कैमरे में कैद हुआ है। ताड़ोबा नेशनल पार्क के विशेषज्ञों से तस्वीरों का मिलान कराया गया, और पता चला कि यह बाघ चिन्हांकित नहीं है। यानी फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह बाघ कहां से आया है।
डीएफओ दिनेश पटेल ने बताया कि भोजटोला के पास गुरुवार को बाघ के पदचिन्ह देखे गए हैं। वन विभाग का अनुमान है कि यह बाघ एमएमएसी जिले के बॉर्डर एरिया के जंगल में सक्रिय है और यह प्राकृतिक रूप से सप्ताह में एक बार शिकार करता है।
ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और जंगल में अकेले या रात में जाने से बचें। कुछ ही दिनों पहले मोहला क्षेत्र में हाथियों की भी उपस्थिति रही थी, ऐसे में बाघ की दस्तक ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है।
“वन विभाग की टीम लगातार बाघ की लोकेशन ट्रैक कर रही है ताकि यह बस्ती की ओर न बढ़े। ग्रामीण और विभाग दोनों की निगाहें इस बाघ पर टिकी हुई हैं।”



