सगे भाइयों ने दोस्त की कैंची मारकर कर दी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार…..

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। दीपावली की खुशियां एक कालोनी में मातम में बदल गईं। फटाके फोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही परिचित युवक की हत्या कर दी।
मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव स्थित बी.एस.यू.पी. कालोनी का है। यहां दीपावली की रात फटाके फोड़ने को लेकर कहासुनी हुई। इसी विवाद में बी.एस.यू.पी. कालोनी निवासी ताहिर हुसैन पर दो सगे भाइयों — मदन यादव और सूरज यादव — ने मिलकर हमला कर दिया। दोनों ने अपने पास रखी कैंची से ताहिर के सीने और पेट में वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस और एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कैंची भी जब्त कर ली है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 438/25, धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक एक ही कालोनी के रहने वाले थे और एक-दूसरे को भलीभांति जानते थे।



