जांजगीर-चाम्पा

अंतर-जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार,सोना-चांदी और गलाने के उपकरण बरामद

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना चांपा और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के प्रकरण के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात के साथ-साथ सोना गलाने के उपकरण भी बरामद कर लिए हैं।

Advertisement

जांजगीर-चांपा जिले में चोरी के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी सक्रियता का नतीजा है कि एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने खरीददार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

घटना 8 नवंबर 2025 की है। आनंद विहार कॉलोनी सिवनी के निवासी धनीराम देवांगन ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे परिवार के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और रात करीब 10:30 बजे जब घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अलमारी में रखा सोना और चांदी के जेवर चोरी हो चुके थे।

मामला गंभीर होने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और SDOP चांपा यदुमणी सिदार के निर्देश पर थाना चांपा और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रार्थी द्वारा बताए गए चोरी गए मोबाइल की साइबर सेल ने तकनीकी जांच की और मोबाइल डिटेल के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोरबा इलाके में हैं। इसके बाद टीम ने कोरबा में दबिश देकर सत्यप्रकाश महंत और मोहन मिंज को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यह चोरी की थी और चोरी किए गए जेवर को सोनार अनिल काले के पास बेच दिया था।

दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सोनार अनिल काले को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी के सोने-चांदी को गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से सोना गलाने के उपकरण और गले हुए सोने-चांदी के टुकड़े बरामद कर लिए।

तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में अन्य तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

अंतर-जिला चोर गिरोह पर यह कार्रवाई जांजगीर-चांपा पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की हर संभव निगरानी की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button