जांजगीर-चाम्पा

10 हजार रुपये मांगना पड़ा भारी, टांगी से हमला कर काट दिया कान, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में 10 हजार रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए टांगी से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित का दाहिना कान कट गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने पिछले साल दिवाली से पहले गांव के ही शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। 8 जून की रात जब रघुनंदन ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी भड़क गया और पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी शनि केंवट ने लोहे की टांगी से रघुनंदन पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित का दाहिना कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद अकलतरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

 

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शनि केंवट को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त कर ली गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button